दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सोनीपत पुलिस ने सीएक्यूएम, ग्रैप स्टेज-वन और विंटर एक्शन प्लान 2026-27 के तहत कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के दिशा-निर्देशों पर दिल्ली सीमा से सटे 12 प्रमुख स्थानों पर विशेष नाके लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनाक्षी सिंह के अनुसार, सिंधु-कुंडली बॉर्डर, सफियाबाद, लामपुर, औचंदी, सबोली और केएमपी-केजीपी जीरो पॉइंट समेत 12 प्रमुख नाकों पर अवैध धुआं छोड़ने वाले वाहनों, बिना वैध पीयूसी, ओवरएज वाहनों और अवैध पटाखों के परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार दिल्ली न जाने वाले वाहनों को केएमपी/केजीपी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। एनएच-44 प्याऊ मनियारी फ्लाईओवर पर मरम्मत के चलते डायवर्जन किया गया है, जहां एनएचएआई द्वारा ड्रेन नंबर-8 फ्लाईओवर पर दिल्ली से पानीपत लेन की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है और यह कार्य अगले 3 से 4 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) नरेश अहलावत ने बताया कि इस दौरान ट्रैफिक को सर्विस रोड से निकाला जा रहा है और पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, सर्विस रोड का प्रयोग करने तथा प्रदूषण नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Source: Source