हरियाणा के झज्जर में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए गुरुवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है। यह प्रशिक्षण डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा के नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन स्व-गणना के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित विवरण जुटाएंगे। जनगणना का काम मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से किया जाएगा। निर्धारित प्रश्नावली के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनगणना प्रक्रिया को सटीक, व्यवस्थित और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के पहले दिन डिविजनल प्रभारी ओमप्रकाश और मास्टर ट्रेनर मोहित कुमार ने चार्ज अधिकारियों तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश समझाए। चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और चार्ज क्लर्क को उनके काम और दायित्वों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रभावी ढंग से पूरा करना है। अधिकारियों ने कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Source: Source