हांसी की बेटी मानसी मोर ने राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। हिसार स्थित लोहान बॉक्सिंग एकेडमी में 12 से 15 नवंबर तक सीनियर राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। शहीद भगत सिंह बॉक्सिंग एकेडमी की खिलाड़ी मानसी मोर ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रदेशभर के खिलाड़ियों के बीच दमदार मुकाबले खेलकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। मानसी ने हांसी का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता के दौरान मानसी ने पूरे आत्मविश्वास, फुर्ती और मजबूत खेल तकनीक का परिचय दिया। उन्होंने अपने सटीक पंचों और बेहतरीन रणनीति के दम पर प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी। मानसी के कोच विनोद कुमार ने बताया कि मानसी बेहद मेहनती, अनुशासित और खेल के प्रति समर्पित खिलाड़ी हैं। वह नियमित अभ्यास के साथ अपनी तकनीक और फिटनेस पर विशेष ध्यान देती हैं। मानसी की इस सफलता में उनके पिता हरवीर मोर, दादा दलबीर मोर और कोच विनय कुमार का भी अहम योगदान रहा है। मानसी की उपलब्धि से शहीद भगत सिंह बॉक्सिंग एकेडमी में खुशी का माहौल है। अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करना है।

Source: Source