हरियाणा के हांसी में सर्व कर्मचारी संघ से जुड़ी हरियाणा गवर्नमेंट PWD मैकेनिकल वर्कर यूनियन ने आंदोलन की घोषणा की है। यूनियन 18 जुलाई को लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के हिसार स्थित कैंप कार्यालय का घेराव करेगी। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर सरकार ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है। यूनियन के अनुसार, प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों कर्मचारी शामिल होंगे। सिंचाई विभाग हांसी ब्रांच के प्रधान अशोक यादव ने बताया कि पहले हुई वार्ता में मांगों के समाधान का आश्वासन मिला था। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विभागों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पदों को समाप्त करने की योजनाओं का विरोध किया है। यूनियन की प्रमुख मांगों में HKRN के कर्मचारियों को नियमित करना शामिल है। इसके अलावा ग्रुप-D कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग भी की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Source: Source