हिसार पुलिस ने साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग पीड़ितों की मेहनत की कमाई वापस दिलाने में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और संबंधित बैंकों से तुरंत तालमेल बिठाकर पीड़ितों के खातों में कुल 1,26,195 रुपए रिफंड करवाए हैं। साइबर थाना के एएसआई नरेंद्र कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह राशि वापस दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई। रकम वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने हिसार पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। पहले मामले में शिकायत नंबर 31308260061026 में ठगों ने पीड़ित से 69,000 रुपए उड़ा लिए थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर बैंक खातों में ट्रांजेक्शन फ्रीज करवाई और 46,195 रुपए वापस पीड़ित के खाते में जमा कराए। दूसरे मामले में शिकायत नंबर 31309260071205 में पीड़ित 80,000 रुपए की साइबर ठगी का शिकार हुआ था। पुलिस की मुस्तैदी से पीड़ित के पूरे 80,000 रुपए रिकवर करा दिए गए। हिसार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, संदिग्ध लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें। अपना OTP, बैंक अकाउंट डिटेल, ATM PIN या गोपनीय जानकारी किसी के साथ शेयर न करें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। शुरुआती गोल्डन आवर्स में दर्ज कराई गई शिकायत ठगी की रकम को फ्रीज और रिफंड कराने में सबसे असरदार होती है।

Source: Source