गुरुग्राम में बेखौफ बदमाशों ने सेक्टर-29 स्थित अमेरिकन एक्सप्रेस कंपनी के सीनियर कस्टमर केयर प्रोफेशनल वैभव वर्मा से उनका एप्पल आईफोन 17 छीन लिया। वह जगुआर वाइंस के पास अपने दोस्तों का इंतजार करते वक्त मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनके मोबाइल पर झपट्टा मारा और चोट पहुंचाते हुए फरार हो गए। आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था। मोबाइल में वैभव का प्रोफेशनल और पर्सनल डेटा है, जिसका दुरुपयोग किया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से जगुआर वाइंस, हुडा जिमखाना क्लब और आसपास की दुकानों तथा सड़कों के सीसीटीवी फुटेज चेक करने की अपील की है। सिविल लाइन निवासी वैभव वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-58 गए थे और लौटते समय पिता ने उन्हें रात करीब 10:25 बजे हुडा जिमखाना क्लब के पास जगुआर वाइंस के सामने सेक्टर-29 में छोड़ दिया। वहां वे अपने दोस्तों का इंतजार कर रहे थे। रात लगभग 10:32 बजे जब वह अपने दोस्त से बात कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनकी तरफ आए और एक ने अचानक उनका आईफोन 17 छीन लिया। स्नेचिंग के दौरान आरोपियों में से एक ने नुकीली और धारदार वस्तु का इस्तेमाल किया, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। दोनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। वैभव ने राहगीर की बाइक पर लिफ्ट लेकर आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें पकड़ नहीं सके। बाद में उन्होंने अपने पिता को घटना की जानकारी दी और भाई वेदांत वर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर कॉल कर सूचना दी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और चोट की तस्वीरें लीं। वैभव ने बताया कि उन्होंने जियो कस्टमर केयर से संपर्क कर अपना सिम ब्लॉक करवा लिया है। उन्होंने कहा कि चोरी हुए मोबाइल में महत्वपूर्ण व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी है, जिसमें व्यक्तिगत खातों और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी तक पहुंच शामिल है, जिससे वित्तीय नुकसान और निजता को नुकसान की आशंका है। वैभव की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। Source: Source Post navigation हिसार पुलिस ने साइबर ठगी के 1.26 लाख रुपए वापस कराए: 69 हजार की ठगी में से 46,195 रुपए और दूसरे मामले के पूरे 80 हजार रिकवर कैथल में जमीन विवाद में महिला के कपड़े फाड़कर छेड़खानी: जातिसूचक शब्द कहे, चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज