हरियाणा में सेना भर्ती कार्यालय हिसार परिसर में 16 से 25 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली में पांच जिलों के युवा दमखम दिखाएंगे। अग्निवीर भर्ती रैली में हिसार के अलावा जींद, फतेहाबाद, हांसी और सिरसा के अभ्यर्थी भाग लेंगे। रैली के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने बुधवार को सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीसी महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती रैली की तैयारियों में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। सभी विभाग अपने स्तर पर जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करें और आपसी तालमेल के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचेंगे, ऐसे में अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी प्रबंध पहले से किए जाएं। उन्होंने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय में काम पूरा करने को कहा गया। साथ ही तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना युवाओं के लिए गौरव की बात है और अग्निवीर भर्ती युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने का अवसर देती है। उन्होंने पात्र युवाओं से भर्ती प्रक्रिया के आधिकारिक दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने और निर्धारित पात्रता व नियमों के अनुसार तैयारी करने की अपील की। बैठक में नगराधीश रोहित कुमार, भर्ती निदेशक कर्नल दीपक चौहान, जिला परिषद के सीईओ सुभाष चंद्र, एचसीएस कुलभूषण बंसल, सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत, उप सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Source