फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद स्थित संत नगर इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया। जब मांस से भरा एक ऑटो बीच सड़क पर पलट गया और उसमें रखा मांस सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले को लेकर तनाव जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ओल्ड रेड लाइट से संत नगर की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक ऑटो मांस भरकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ऑटो धौज के फतेहपुर तगा इलाके से संत नगर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। ऑटो पलटते ही उसमें रखा मांस सड़क पर बिखर गया, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ऑटो में लदा था करीब एक कुंटल मांस स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। सेक्टर-17 थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि ऑटो में करीब एक कुंटल मांस लदा हुआ था। पुलिस ने मौके से ऑटो और मांस को कब्जे में ले लिया है। ऑटो छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर घटना की जानकारी फैलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर बढ़ती भीड़ और तनाव को देखते हुए पुलिस ने इलाके में स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे सेक्टर 17 थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि मांस किस जानवर का है। पुलिस ने मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source