नरियरा में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘75 लाख पौधे’ महाअभियान को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। नगर पंचायत के निवासी उत्साह के साथ इस अभियान से जुड़ रहे हैं। जागरूकता फैलाने के लिए नन्ही बालिका पावनी कैवर्त ने अपने घर की छत पर गमले में अश्वगंधा का पौधा लगाने की पहल की। उसने पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। पावनी ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील भी की। उसकी इस पहल की स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सराहना की। वार्ड क्रमांक-8 के पार्षद दिलचंद बंजारे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों की भागीदारी को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। नगर के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय संजयनगर में भी पौधारोपण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानपाठक, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने घर, आंगन, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने का आह्वान किया। लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की भी अपील की गई। अभियान के माध्यम से क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाया जा रहा है।

Source: Source