रायपुर के एक कारोबारी से 1.87 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुणे की एक कंपनी ने 500 टन चीनी सप्लाई करने का भरोसा देकर एडवांस रकम ली। कारोबारी ने शुरुआत में कंपनी से छोटी मात्रा में चीनी खरीदी थी, जिसकी समय पर डिलीवरी की गई। इससे कंपनी ने कारोबारी का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद बड़े सौदे के नाम पर 1 करोड़ 87 लाख 48 हजार 667 रुपये जमा कराए गए। रकम लेने के बाद कंपनी ने जीएसटी इनवॉयस और ई-वे बिल जारी किए। कंपनी ने दावा किया कि चीनी से भरे ट्रक रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। जांच में पता चला कि बताए गए ट्रकों में वास्तव में माल लोड ही नहीं किया गया था। कारोबारी ने आरोप लगाया कि कंपनी ने जरूरी दस्तावेज और डिलीवरी प्रमाण भी उपलब्ध नहीं कराए। शिकायत के बाद खमतराई पुलिस ने कंपनी और उसके प्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आरोपियों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी है।

Source: Source