छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भैसामुड़ा से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रविवार की देर रात शराब के मामूली विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है, जो अपने पति परदेसी धनवार के साथ भैसामुड़ा गांव में रह रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (19 जुलाई) की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद बची हुई शराब को पत्नी ने पी लिया। इसी बात से नाराज होकर नशे में धुत पति परदेसी ने आपा खो दिया और पत्नी के साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने कमरे के भीतर ही पत्नी को दौड़ा-दौड़ाकर डंडे से ताबड़तोड़ पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक बुजुर्ग को भी आरोपी ने मारपीट कर भगा दिया और रातभर पत्नी पर जानलेवा हमला करता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर शव के पास ही बैठा रहा और सोमवार की सुबह उसने खुद गांव में जाकर लोगों को अपनी पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे के फर्श व दीवारों पर बिखरे खून के बीच से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल टूटा हुआ डंडा बरामद कर लिया है और आरोपी पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source