फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र के गांव टाहली वाला जट्टा में पीर बाबा की मजार पर युवकों के कथित तौर पर नशा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद गांव में हलचल मच गई। वीडियो में दो युवक नशे का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर देखकर वहां से भगा दिया और दोबारा इलाके में नहीं आने की चेतावनी दी। घटना की जानकारी गांव के सरपंच सुरजीत सिंह ने पुलिस को दी। सरपंच के अनुसार वायरल वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई युवाओं से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लाउडस्पीकर से घोषणाएं कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। ग्रामीणों से अपने बच्चों और युवाओं पर नजर रखने तथा उन्हें नशे से दूर रखने को कहा गया है। सरपंच ने स्पष्ट किया कि गांव में नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया है।

Source: Source