लुधियाना के थाना डेहलों क्षेत्र के गांव शंकर से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता नूर मोहम्मद ने आरोप लगाया कि चार लोग उसकी बेटी को दो मोटरसाइकिलों पर अपने साथ ले गए। परिवार ने पहले अपने स्तर पर किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में एक परिजन ने चार लोगों को किशोरी के साथ जाते हुए देखने की जानकारी दी। शिकायत के अनुसार, लड़की घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद और सोने के गहने भी लेकर गई है। पुलिस ने जांच के बाद फिलहाल यासीन नामक एक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 137(2) और 96 के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पिता का आरोप है कि चार लोगों के नाम सामने आने के बावजूद केवल एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने पुलिस पर अन्य आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि एक बदमाश आरोपियों का समर्थन कर रहा है और उन्हें धमकियां दे रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से किशोरी की जल्द बरामदगी और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले में जांच अधिकारी का पक्ष संपर्क के प्रयास के बावजूद सामने नहीं आ सका।

Source: Source