फतेहाबाद जिले के गांव भूथन कलां निवासी शराब ठेके के सेल्समैन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लापता व्यक्ति बलवान सिंह रोहतक जिले के गांव कान्ही स्थित शराब ठेके पर काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह 17 जुलाई की सुबह शराब ठेकेदार से पैसों का हिसाब करने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पत्नी कांता रानी ने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि पैसों के लेनदेन के विवाद के चलते ठेकेदार की भूमिका संदिग्ध हो सकती है। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए लापता व्यक्ति की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Source: Source