डौंडी के ग्राम दिगवाड़ी स्थित सरकारी स्कूल में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान शुरू हो गया है। ग्रामीणों द्वारा आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी देने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। ग्रामीणों ने मंगलवार को पीएचई विभाग कार्यालय के घेराव और सड़क जाम की घोषणा की थी। इसके बाद सोमवार शाम स्कूल परिसर में नया बोर खनन कराया गया। बोर खनन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुराने बोर से लंबे समय से लाल रंग का पानी निकल रहा था। इसकी शिकायत पीएचई विभाग से करने के बाद भी तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई थी। विभागीय कर्मचारियों ने हैंडपंप निकाल लिया था, जिससे स्कूल में पानी की समस्या और बढ़ गई थी। 15 जून से स्कूल खुलने के बाद छात्र और शिक्षक पानी के लिए परेशान हो रहे थे। नए बोर से अब स्कूल में पेयजल सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई के बाद राहत महसूस की है।

Source: Source