बरनाला पुलिस ने बंद घर में चोरी के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जगजीवन कौर ने थाना ठुल्लीवाल में चोरी की शिकायत दी है। महिला के अनुसार, वह अपने पति से अलग होकर गांव वजीदके खुर्द में रह रही है। उसने बताया कि जिस मकान में वह रहती थी, वह उसकी और उसकी बहन की संयुक्त संपत्ति थी। महिला अपनी बहन के हिस्से वाले घर में रह रही थी। शिकायत के मुताबिक, वह घर को ताला लगाकर रिश्तेदारी में गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने घर का ताला और खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर घर से एक एलईडी और पंखा लेकर फरार हो गए। महिला ने अपने पति समेत चार लोगों पर चोरी करने का आरोप लगाया है। आरोपियों में मनमिंदरजीत सिंह, बलवीर सिंह, मनिंदर सिंह और अनमोलप्रीत सिंह उर्फ हनी शामिल हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही चोरी की घटना में शामिल लोगों की वास्तविक भूमिका स्पष्ट होगी।

Source: Source