छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सब्जी से भरी पिकअप हादसे का शिकार हो गई। कनकी भादा के पास पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे और सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी और वाहन की रफ्तार भी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया और हाईटेंशन तार भी नीचे आ गए। खतरे को देखते हुए विद्युत विभाग ने तुरंत क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। हादसे के कारण कनकी भादा और आसपास के गांवों में करीब तीन घंटे तक बिजली बाधित रही। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। पुलिस के अनुसार घायल चालक की हालत खतरे से बाहर है। प्रारंभिक जांच में बारिश और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Source