पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद इलाके में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। तीन नकाबपोश बाइक सवारों ने गांव के सरपंच को हथियार दिखाकर लूट लिया। आरोपियों ने पिस्टल की नोक पर सरपंच से 49,500 रुपये की नकदी छीन ली। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। सरपंच मैडम लाल पंचायत कार्य के भुगतान के लिए बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे थे। उन्होंने बैंक से 24,500 रुपये निकाले थे और 25,000 रुपये पहले से उनके पास थे। रास्ते में चक्क दुमाल और जैमलवाला के बीच आरोपियों ने बाइक रोककर वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने सरपंच के साथ मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। भागते समय आरोपियों की तस्वीरें पेट्रोल पंप के CCTV कैमरे में कैद हो गईं। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। सरपंच ने जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर थाने के घेराव की चेतावनी दी है।

Source: Source