हरियाणा के पानीपत शहर के खटीक मोहल्ला में बंद कमरे से युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शव करीब पांच दिनों से कमरे में बंद था। आसपास के लोगों को तेज दुर्गंध आने के बाद घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और जन सेवा दल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। मृतक का शव काफी खराब हालत में मिला और कमरे में उसकी पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस को मौके से केवल एक मोबाइल फोन मिला है। इसके आधार पर युवक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मकान मालिक के अनुसार युवक करीब तीन महीने पहले किराये पर रहने आया था और टाइल मिस्त्री का काम करता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Source: Source