पंजाब के फाजिल्का जिले में दुकान में चोरी की घटना के बाद लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। गांव टाहलीवाला बोदला में हुई वारदात के विरोध में ग्रामीणों ने फाजिल्का-मलोट हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। दुकानदार साजन कुमार ने बताया कि रात में चोर दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे। घटना की जानकारी उन्हें सुबह सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान में सेंधमारी और सामान चोरी होने का पता चला। चोर दुकान से नकदी, स्प्रे पंप और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। दुकानदार के अनुसार करीब 30 से 35 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी वजह से लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source: Source