पुलिस जिला लुधियाना देहात के थाना सुधार के एसएचओ साहिबमीत सिंह के खिलाफ गंभीर आरोपों में केस दर्ज किया गया है। लुधियाना कमिश्नरेट में तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर थाना दाखा में दुष्कर्म, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने साहिबमीत सिंह को एसएचओ पद से हटाकर निलंबित कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन जगराओं भेज दिया गया है। शिकायतकर्ता महिला अधिकारी मूल रूप से फरीदकोट की रहने वाली हैं और वर्तमान में लुधियाना में तैनात हैं। महिला एसआई ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर देने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने की धमकी दी। उसने कई बार अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप भी लगाया है। महिला ने शादी और गर्भपात से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Source: Source