बालोद जिले के 58 सरकारी प्राथमिक स्कूलों में स्मार्ट डिवाइस के जरिए बच्चों की पढ़ाई को रोचक बनाने की पहल शुरू की गई है। इसके लिए 116 शिक्षकों को चार दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को स्मार्ट डिवाइस के संचालन और कक्षा में इसके प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना था। बालोद और गुंडरदेही मुख्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने डिजिटल सामग्री के उपयोग और गतिविधि आधारित पढ़ाई के तरीके समझाए। स्मार्ट डिवाइस के माध्यम से गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों को चित्रों, वीडियो और गतिविधियों के जरिए आसान बनाया जाएगा। इससे बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ने और कक्षा में भागीदारी बेहतर होने की उम्मीद है। शिक्षकों को बताया गया कि डिजिटल सामग्री को दैनिक शिक्षण योजना में कैसे शामिल किया जा सकता है। यह पहल नई शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में कदम मानी जा रही है। संपर्क फाउंडेशन सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है। शिक्षकों ने स्मार्ट डिवाइस को कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने में उपयोगी बताया। भविष्य में जिला, ब्लॉक और संकुल स्तर पर भी शिक्षकों को नई शिक्षण व्यवस्था से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Source: Source