छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की तस्वीर रखकर कथित तंत्र साधना करने का मामला सामने आया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम की है। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त की रात चार युवक श्मशान घाट में पूजा-पाठ करते मिले थे। मौके पर मौजूद लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। भीड़ ने पकड़े गए युवक की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसकी पहचान राजकिशोर नगर निवासी ऋषिकेश के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में फरार ओम बोले समेत तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश देने का दावा किया है। ओम बोले के घर और दुकान पर पुलिस पहुंची, लेकिन दोनों जगह ताला मिला। श्मशान घाट से मिली तस्वीरों में चीफ जस्टिस के अलावा जेल में बंद प्रियांशु बोले और शिकायतकर्ता की तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस जांच कर रही है कि तस्वीरें वहां क्यों रखी गई थीं और तंत्र साधना की सलाह आरोपियों को किसने दी थी। पुलिस सोशल मीडिया के जरिए कथित तांत्रिक से संपर्क और इस गतिविधि की योजना बनाने वालों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Source: Source