पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में BKI के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में आरोपी के विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को विदेश में बैठे हैंडलर्स से निर्देश मिल रहे थे। कथित तौर पर उसने जालंधर के आदमपुर के पास एक डेड ड्रॉप लोकेशन से ग्रेनेड हासिल किया था। पुलिस ने ग्रेनेड मिलने के बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई से संभावित आतंकी वारदात की साजिश को समय रहते नाकाम किया गया। मामले में नवांशहर के थाना सदर में BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। जांच टीमें मॉड्यूल के स्थानीय और विदेशी संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस फंडिंग करने वालों और स्थानीय मददगारों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद ग्रेनेड का इस्तेमाल किस संभावित लक्ष्य के लिए किया जाना था।

Source: Source