मोगा-अजीतवाल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव 16 अगस्त 2026 को किलोमीटर नंबर 68/03 के पास झाड़ियों में मिला। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक शव करीब तीन से चार दिन पुराना है और काफी गली-सड़ी अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के इलाकों में पूछताछ के बावजूद पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। पहचान के लिए पुलिस ने मृतक के कपड़ों का विवरण जारी किया है। मृतक ने काले रंग की फुल बाजू टी-शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। उसके शरीर पर भूरे रंग का अंडरवियर और काले रंग के जूते भी मिले हैं। पुलिस हुलिए और कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को सिविल अस्पताल मोगा की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखा गया है। रेलवे पुलिस ने आसपास के थानों से लापता लोगों का रिकॉर्ड भी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जानकारी मिलने पर तुरंत संपर्क करें। पहचान होने के बाद ही शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Source: Source