सरगुजा जिले के सपड़ा गांव में एक दंपती के शव घर के बंद कमरे से बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय हीराधर यादव और उनकी 50 वर्षीय पत्नी गुलाबी यादव के रूप में हुई है। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव खून से सने दो बोरों में बांधकर रखे गए थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या धारदार हथियार से सिर पर हमला कर की गई। घटना के बाद दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव फरार बताया जा रहा है। पुलिस को उस पर हत्या का शक है। मृतक दंपती रविवार रात बड़े बेटे के साथ पुराने घर में सोया था। सोमवार सुबह छोटा बेटा मोहन घर पहुंचा तो दोनों दरवाजे बाहर से बंद मिले। बाद में एक कमरे का ताला तोड़ने पर अंदर दंपती के शव मिले। सूचना पर धौरपुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए और शवों की जांच की। पुलिस के अनुसार, अधिक खून बहने और सिर में गंभीर चोट के कारण दोनों की मौत हुई। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें रिश्तेदारों के घरों और आसपास के जंगलों में भी खोजबीन कर रही हैं।

Source: Source