दुर्ग में पदस्थ DSP ओमप्रकाश सेन अपनी आय का 5 से 7 प्रतिशत हिस्सा जरूरतमंदों की मदद पर खर्च करते हैं। बालोद जिले के नवागांव निवासी ओमप्रकाश वर्तमान में एसटीएफ बघेरा, दुर्ग में डीएसपी हैं। वह जरूरतमंदों को कपड़े और दैनिक उपयोग की सामग्री पैकेट में रखकर देते हैं। इन पैकेटों पर ‘हैप्पी बर्थडे’ लिखा होता है, ताकि मदद पाने वालों को उपहार जैसा एहसास हो। वर्ष 2012 से शुरू उनकी यह पहल अब तक 300 से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है। ओमप्रकाश मदद करते समय फोटो खिंचवाने और प्रचार से बचते हैं। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य केवल जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने गांव में यात्री प्रतीक्षालय और अन्य निर्माण कार्यों में भी सहयोग किया है। इसके अलावा उन्होंने तीन स्थानों पर मंदिर निर्माण में योगदान दिया है। पर्यावरण संरक्षण के तहत उन्होंने करीब 15 वर्षों में लगभग 2 हजार पौधे लगाए हैं। ओमप्रकाश वर्ष 2008 में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और नक्सल प्रभावित बस्तर, बीजापुर व सुकमा में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पुलिस सेवा में वीरता और योगदान के लिए उन्हें 2017 और 2021 में राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

Source: Source