फाजिल्का के टाहलीवाला गांव में 20 वर्षीय युवक करन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने उसकी मौत नशे की ओवरडोज से होने का आरोप लगाया है। बताया गया कि करन अपने दोस्त को छोड़ने के लिए पास के चाहला गांव गया था। वहां बाथरूम से निकलने के बाद वह अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। मृतक के भाई अमनदीप सिंह ने दावा किया कि दोनों भाई नशे के आदी थे। उसने आरोप लगाया कि वे अपने गांव से ही चिट्टा खरीदते थे। ग्रामीणों ने गांव में खुलेआम नशे की बिक्री होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सरपंच सुनील कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ ग्रामीण पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो और युवा नशे की चपेट में आ सकते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source