सरगुजा में डेम में कूदकर युवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। मृतका अमृता खेस अपने प्रेमी संजू मिंज के साथ ढूकू विवाह के बाद पति-पत्नी की तरह रह रही थी। दोनों का एक बच्चा भी था। पुलिस जांच में सामने आया कि संजू के दूसरी युवती से कथित संबंधों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि विवाद के दौरान संजू अमृता के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। 26 नवंबर 2025 की रात मारपीट के बाद अमृता घर से निकल गई थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला और पांच दिन बाद उसका शव बरनई बांध में मिला। पुलिस ने शुरुआती तौर पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। करीब सात महीने की जांच के बाद पुलिस ने संजू मिंज के खिलाफ धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान अमृता के पिता, रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस अब मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Source: Source