कैथल में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक महिला से ढाई तोले की सोने की चेन झपट ली। वारदात रात के समय कुतुबपुर रोड के पास हुई। महिला चंदाना गेट से अपने घर रामनगर लौट रही थी। बदमाशों ने बाइक से आगे आकर महिला की स्कूटी का रास्ता रोक दिया। आरोपियों ने स्कूटी को धक्का देकर महिला को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद दो बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। महिला ने बदमाशों से बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी चेन लेकर फरार हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी भाग चुके थे। महिला ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीआईए, एवीटी और शहर थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस वारदात से जुड़े सुराग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Source: Source