हरियाणा के नारनौल के बायल अरावली क्षेत्र में JCB से वनकर्मी को कुचलने के आरोप में नया तथ्य सामने आया है। वन विभाग ने अवैध खनन रोकने के दौरान JCB चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार JCB ढलान के कारण अपने आप पीछे की ओर लुढ़की थी। वन विभाग की शिकायत के आधार पर JCB मालिक संजय उर्फ माडूराम और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत में वन रक्षक सिकंदर को सरकारी मोटरसाइकिल समेत कुचलने की कोशिश का आरोप लगाया गया था। वन विभाग के अनुसार सिकंदर ने समय रहते मोटरसाइकिल से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में सरकारी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस ने मौके की जांच के साथ CCTV फुटेज का भी अवलोकन किया। फुटेज में वन रक्षक को JCB का पीछा करते हुए देखा गया है। पुलिस के अनुसार चालक JCB छोड़कर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद ढलान के कारण मशीन पीछे की ओर लुढ़की और मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गई। पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के वास्तविक घटनाक्रम की जांच जारी है।

Source: Source