पलवल के बहीन थाना क्षेत्र में समर्सिबल केबल चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आली मेव गांव निवासी सोहेल खान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कॉपर वायर बरामद की है। मामला आली ब्राह्मण गांव और आसपास के खेतों में हुई केबल चोरी से जुड़ा है। 18 अगस्त की रात कई किसानों के खेतों से समर्सिबल की तीन-फेज कॉपर केबल चोरी हुई थी। चोरी के बाद आरोपी कथित तौर पर केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकाल रहा था। धुआं और केबल जलने की आहट देखकर किसानों को शक हुआ। किसानों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेर लिया और रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद किसानों ने डायल 112 पर सूचना देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से जली हुई केबल भी बरामद की। शिकायत के आधार पर बहीन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेतों से चोरी की गई कॉपर वायर भी बरामद की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पहले भी ऐसी वारदातें की हैं या नहीं और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।

Source: Source