फतेहाबाद के रतिया सदर थाना पुलिस ने 540 ग्राम डोडा पोस्त बरामदगी मामले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महमदगी निवासी पंकज कुमार और मुख्य आरोपी जीवन सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। 19 अगस्त को पुलिस टीम महमदगी गांव में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने पंकज कुमार को कपड़े का थैला लेकर जाते हुए देखा। पुलिस की गाड़ी देखकर पंकज ने कथित तौर पर थैला गली में फेंक दिया और भाग गया। पुलिस ने थैले की तलाशी ली तो उसमें 540 ग्राम डोडा पोस्त और चूरा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद रतिया सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए पहले पंकज कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी जीवन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पंकज को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मुख्य आरोपी जीवन सिंह को भी जल्द अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Source: Source