हिसार के बरवाला में घर में घुसकर मोबाइल और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरा कॉलोनी निवासी गुरुचरण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। घटना 10 अगस्त को वार्ड नंबर-19 बरवाला में हुई थी। शिकायतकर्ता अनिल कुमार के अनुसार वह किसी काम से घर से बाहर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया हुआ था। आरोपी कथित तौर पर घर में घुसा और चार्जिंग पर लगा मोबाइल चोरी कर ले गया। बाद में सोफे के नीचे रखी करीब 1,000 से 1,200 रुपये की नकदी भी गायब मिली। घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी की पहचान की। उप निरीक्षक फलेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए गुरुचरण को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Source: Source