हरियाणा के कैथल के सीवन क्षेत्र में नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना मलिकपुर हेड पर 16 अगस्त को हुई थी। मृतक आकाश उर्फ जॉनी अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह पानी में डूब गया और उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबने से दम घुटना बताया गया है। मृतक के परिजनों ने अब उसके तीन साथियों पर उसे जानबूझकर डुबोने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतक के चाचा राजेश ने सीवन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद युवकों समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में अनमोल, वंश खट्टर और तनिष्क शामिल हैं। पुलिस ने मामले में अन्य अज्ञात युवकों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source