राजनांदगांव के पेंड्री नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में करीब आठ गायों की मौके पर ही मौत हो गई। कई अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मवेशियों को टक्कर मारने के बाद भी ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रक आगे चल रहे एक अन्य भारी वाहन से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पर आवारा मवेशियों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि शहर के मवेशियों को शेल्टर या गौठान में भेजने के बजाय हाईवे की ओर खदेड़ दिया जाता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मवेशियों को हाईवे से दूर रखने और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source: Source