भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी विधानसभा की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। संतोष ने स्पष्ट किया कि भाजपा का शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने पटियाला में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। भाजपा पंजाब में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत कर रही है। पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दे रही है। संतोष का बयान ऐसे समय आया है जब भाजपा-अकाली दल गठबंधन की चर्चाएं तेज थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद गठबंधन की अटकलों को बल मिला था। अकाली दल के कई नेताओं ने भी दोनों दलों के साथ आने के संकेत दिए थे। हालांकि भाजपा नेतृत्व ने अब तक गठबंधन की संभावना को स्वीकार नहीं किया था। संतोष ने अपने पंजाब दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं। वह मोगा और लुधियाना में भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। भाजपा नेतृत्व के ताजा रुख से गठबंधन की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

Source: Source