पठानकोट पुलिस ने टेंपो लूट की वारदात का 24 घंटे में खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया टेंपो भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 21 तारीख को तीन अज्ञात युवकों ने किराए पर टेंपो लिया था। आरोपी चालक को सुजानपुर रोड की ओर ले गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपियों ने चालक से टेंपो छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद एसपी के निर्देश पर दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एक टीम सीआईए स्टाफ और दूसरी सुजानपुर थाना पुलिस के नेतृत्व में जांच कर रही थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमी उर्फ सेमी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से स्नैचिंग और लूटपाट के तीन मामले दर्ज हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे अन्य मामलों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।

Source: Source