दुर्ग बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय के पास पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में महाराष्ट्र के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के काले बैग से 2 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के पुणे जिले के 32 वर्षीय वसंत श्याम राव ओमकारे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह दूसरे राज्य से गांजा लेकर दुर्ग पहुंचा था। वह बस स्टैंड के आसपास ग्राहकों की तलाश कर रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पदमनाभपुर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के अलावा 540 रुपये की बिक्री रकम और एक की-पैड मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 26 हजार 540 रुपये बताई गई है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस बस स्टैंड पर नशीले पदार्थों से जुड़ी अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Source: Source