अबोहर की मेट्रो कॉलोनी के निवासियों ने बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर हलका इंचार्ज डॉ. सुहानी डोडा से मुलाकात की। कंधवाला रोड स्थित कॉलोनी के लोगों ने उन्हें मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। निवासियों के मुताबिक कॉलोनी को बने 10 साल से अधिक समय हो चुका है। इसके बावजूद यहां पीने के साफ पानी, बिजली और पक्की सड़कों जैसी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। लोगों का आरोप है कि उन्हें जमीन से आने वाला दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। मामूली बारिश के बाद पूरी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। निवासियों ने बताया कि करीब 70 प्रतिशत प्लॉट और घरों की रेगुलराइजेशन व नक्शा फीस नगर निगम में जमा कराई जा चुकी है। इसके बावजूद विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं। डॉ. सुहानी डोडा ने निवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों से बातचीत का आश्वासन दिया। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे नगर निगम और जिला प्रशासन के कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Source: Source