पंजाब के पठानकोट जिले के सुजानपुर स्थित ठंडी खुई इलाके में सीवरेज के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से 42 वर्षीय सुधीर सलारिया घायल हो गए। शेरपुर निवासी सुधीर बुधवार रात करीब 11:30 बजे शराब के ठेके से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। अंधेरे के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गड्ढे में जा गिरे। गिरने से सिर और शरीर में चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गए और रातभर वहीं फंसे रहे। सुबह करीब 4:30 बजे होश आने पर उन्होंने मदद के लिए आवाज लगानी शुरू की। इसी दौरान प्रभात फेरी पर निकली महिलाओं ने गड्ढे से आवाजें सुनीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने सीढ़ी की मदद से सुधीर को सुरक्षित बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर कौंसिल और निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदारों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, पर्याप्त रोशनी और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Source: Source