रोहतक के गांव बहुअकबरपुर निवासी सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात सोमबीर द्वारा पत्नी मनीषा की हत्या करने के पीछे की असल वजह अभी तक सामने नहीं आई है। घर की सजावट को लेकर विवाद में हत्या करने की बात पर आरोपी अड़ा रहा, जो पुलिस व परिवार को हजम नहीं हो रहा। हालांकि इस मामले में पुलिस ने सास व देवर को बाहर कर दिया है। सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल सोमबीर 21 अक्टूबर को 15 दिन की सीएल लेकर घर आया था और नवनिर्मित मकान में दरवाजे व सजावट का काम करवाना था। 23 अक्टूबर को घर पर सोमबीर की मां कमलेश व बड़ी बेटी अनीशा मौजूद थीं। इसी दौरान सोमबीर व मनीषा के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें सोमबीर ने भागते हुए मनीषा को सीढ़ियों पर चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लिया था, जिसे रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। 4 दिन के रिमांड के दौरान भी आरोपी ने घर की सजावट को लेकर ही हत्या करने का कारण बताया, जबकि यह बात मृतका के परिवार व पुलिस को भी हजम नहीं हो रही। मनीषा की बेटी अनीशा ने मामले में अभी तक चुप्पी साध रखी है। मनीषा व सोमबीर के बीच झगड़े की असली वजह के बारे में बड़ी बेटी अनीशा को पता है, लेकिन उसने अभी तक कुछ नहीं बताया। मनीषा के मायके पक्ष ने अनीशा से पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। बहुअकबरपुर थाना एसएचओ जसबीर ने बताया कि आरोपी पति सोमबीर को 4 दिन के रिमांड के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। झगड़े की असली वजह अभी भी सामने नहीं आई है और पुलिस मौके पर मिले सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई कर रही है।

Source: Source