दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने बचेली में एनएमडीसी अधिकारियों को तीखी चेतावनी देते हुए कहा कि इस क्षेत्र के विधायक वे हैं और उनकी इजाजत के बगैर यहां का एक पत्ता तक नहीं हिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका गुस्सा महेंद्र कर्मा ने देखा था, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं और अधिकारियों को उन्हें कानून सिखाने की जरूरत नहीं है। बचेली में रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच विधायक खुद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के समर्थन में अधिकारियों पर जमकर बरसे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फोर्स लगाकर स्थानीय लोगों को धमकाने की कोशिश न करें और सवाल उठाया कि क्या फोर्स का इस्तेमाल अधिकारियों के गलत फैसलों को लागू करवाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए इस तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आज ही गेट हटाया जाए, नहीं तो पूरी जनता सड़क पर उतरेगी। विधायक ने कहा कि गेट लगने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी और अगर अधिकारियों की मर्जी से कभी भी रास्ता बंद कर दिया जाएगा, तो ऐसे निर्माण का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर रास्तों पर सुरक्षा की चिंता है तो हर चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और गार्ड नियुक्त करें, स्थानीय लोगों को शक की नजर से देखना ठीक नहीं है। विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून और नियम सभी के लिए समान हैं और बिना बैठक, सहमति और जरूरी एनओसी के निर्माण कार्य करना उचित नहीं है। दरअसल, दंतेवाड़ा जिले के बचेली में एनएमडीसी की ओर से कुछ रास्तों पर गेट लगाए जा रहे हैं, जिस पर नगर पालिका और स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है कि बिना एनओसी और जरूरी प्रक्रिया पूरी किए गेट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से एनएमडीसी प्रबंधन, नगर पालिका और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और विधायक की चेतावनी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Source: Source