शराब घोटाले और जमीनों के संदिग्ध लेनदेन की जांच के सिलसिले में ईओडब्ल्यू की टीम ने शुक्रवार तड़के राजनांदगांव में छापा मारा। टीम ने कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के घरों और कारोबार से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली। चार गाड़ियों में पहुंचे करीब 20 अधिकारियों ने एक साथ दोनों कारोबारियों के ठिकानों पर जांच की। सनसिटी में वैभव गोलछा के मकान नंबर बी 43-44, उनके कार्यालय और दुकानों में दस्तावेज खंगाले गए, जबकि दूसरी टीम ने लालबाग में जय बग्गा के घर और कारोबार से जुड़े परिसरों की तलाशी ली। वैभव गोलछा जमीन और रेत खदान के कारोबार से जुड़े हैं, जबकि जय बग्गा शहर में होटल रिलीज चलाते हैं। जांच के दौरान शुक्रवार को उनसे जुड़े संस्थान बंद रहे। दिनभर तलाशी और दस्तावेजों की जांच के बाद ईओडब्ल्यू की टीम वैभव गोलछा और जय बग्गा को देर शाम रायपुर ले गई, जहां एजेंसी के कार्यालय में देर रात तक दोनों से पूछताछ हुई और रात करीब 11 बजे उन्हें छोड़ दिया गया।

Source: Source