कैथल के गांव चंदलाना में अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने मोटरसाइकिल पर जा रहे बिजली निगम के कर्मचारी को टक्कर मार दी, जिसमें पांच बहनों के भाई कर्मचारी की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल पर ढांड से अपने गांव संगरौली जा रहा था और जैसे ही चंदलाना के पास पहुंचा तो यह हादसा हो गया। मृतक की पहचान गांव संगरौली के रहने वाले संजीव कुमार के रूप में हुई है और इस हादसे में उसके पीछे बैठा उसका एक अन्य साथी घायल हो गया। इस संबंध में मृतक के परिजनों ने ढांड थाना में शिकायत दी है और पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बिजली निगम के जेई नरेश कुमार ने बताया कि संजीव कुमार सब डिविजन नंबर एक बिजली निगम पूंडरी कार्यालय में एएलएम के पद पर तैनात था और वह रात के समय पूंडरी से चंदलाना जा रहा था, जहां अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने उसे टक्कर मारकर भाग गया। संजीव कुमार की आयु 26 साल के करीब थी और वह 24 घंटे की ड्यूटि पर था। संजीव की शादी हो चुकी है और उसकी एक बेटी भी है तथा वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। ढांड थाना के जांच अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया, जहां से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source