यमुनानगर में विदेश में नौकरी दिलाने और नीदरलैंड का वर्क वीजा लगवाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी रिश्ते में युवक का जीजा लगता था। आरोप है कि आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर 8.20 लाख रुपये मांगे थे। युवक ने आरोपी को 5.20 लाख रुपये नकद और 3 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसकी रकम वापस की। इतना ही नहीं, युवक का पासपोर्ट भी आरोपी ने अपने पास रख लिया। शिकायत मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी युवराज वालिया निवासी अमृतसर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवपुरी-ए कॉलोनी निवासी मनप्रीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। कुछ समय पहले वह अपनी बुआ के घर गया था। वहां उसकी बुआ के दामाद युवराज वालिया ने उसे विदेश भेजने का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने बताया कि उसके पास नीदरलैंड का वर्क वीजा है और वह उसे विदेश भेज सकता है। इसके लिए 8.20 लाख रुपये खर्च होंगे। मनप्रीत ने बताया कि उसने अपनी मां से बात करने के बाद विदेश जाने के लिए हामी भर दी। इसके बाद उसने आरोपी को 5.20 लाख रुपये नकद और 3 लाख रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा के चेक के माध्यम से दे दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी उसे लगातार विदेश भेजने का आश्वासन देता रहा, लेकिन उसका काम नहीं करवाया। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। उसका असली पासपोर्ट भी वापस नहीं किया गया। शिकायत की प्रारंभिक जांच आर्थिक अपराध शाखा यमुनानगर को सौंपी गई थी। जांच के दौरान धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आने पर थाना गांधी नगर में आरोपी युवराज वालिया के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विशाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Source: Source