सिरसा जिले के रानियां थाने एक बार फिर चर्चाओं में हैं, क्योंकि थाना प्रभारी एसआई रामकुमार का भी ट्रांसफर हो गया है। यह पिछले 12 महीने में 5वां तबादला है। अब सब-इंस्पेक्टर राधेश्याम को रानियां थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे वीरवार को थाने का कार्यभार संभालेंगे। एसआई रामकुमार को रोडी थाने में एडिशनल एसएचओ लगाया गया है। सूत्रों के मुताबिक फिरोजाबाद गांव का कोई जमीन का मामला सामने आ रहा है। बुधवार शाम को यह आदेश जारी हो गए। मामले में एसपी दीपक सहारण का कहना है कि यह प्रशासनिक तौर पर किया गया है और कोई शिकायत नहीं थी। उन्होंने कहा कि रानियां थाने में और सुधार लाया जा सके, इसलिए और काबिल व्यक्ति को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि आमजन की शिकायत पर जल्दी कार्रवाई हो सके और किसी को दिक्कत न हो। दरअसल साल 2025 में ट्रांसफर का सिलसिला शुरू हुआ था। सबसे पहले सिरसा एसपी डॉ. मयंक गुप्ता का ट्रांसफर हुआ था, क्योंकि नशे से मौत का मुद्दा सीएम की मीटिंग में उठा था। आईपीएस दीपक सहारण को सिरसा एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद इंस्पेक्टर दिनेश कुंडू, गुरनमिंदर सिंह मान, सुखबीर सिंह और संतोष कुमार रानिया थाने के प्रभारी रहे। इन सभी के कार्यकाल के दौरान तबादले या विभागीय कार्रवाई हुई। 22 अक्टूबर 2025 को थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सस्पेंड हुए थे, जिसका कारण ओटू गांव में नशे के कारण दो युवकों की मौत थी। इस कारण सिरसा एसपी का भी तबादला कर दिया गया था और थाना प्रभारी रानियां दिनेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया था। रानियां थाने में इनका कार्यकाल करीब दो साल का रहा था। पीएसआई गुरनमिंदर सिंह का कार्यकाल 7 महीने 4 दिन का रहा था और संतनगर में एक तारीख को नशे के कारण युवक की मौत के कारण उन्हें सस्पेंड किया गया था। इनके बाद सुखबीर सिंह को थाना प्रभारी लगाया गया था। पीएसआई सुखबीर सिंह का कार्यकाल 26 दिन रहा और परिवार विवाद और व्यवहार ठीक न होने के कारण उन्हें लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद इंस्पेक्टर संतोष सिंह को तीन अगस्त को रानियां थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन 4 अगस्त को जारी लिस्ट में उनका भी तबादला हो गया और एसआई रामकुमार को रानियां थाना का नया इंचार्ज बनाया गया। अब चार नवंबर को आदेश जारी कर एसआई राज कुमार को नया प्रभारी बना दिया गया। Source: Source Post navigation चुनाव आयोग में कामकाज के तरीके बदले: अब बैठकों का एजेंडा और मिनट्स होंगे जारी, पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दीवाली से पहले हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल: पांच HCS अधिकारियों के तबादले, कई को अतिरिक्त प्रभार