हांसी में कांग्रेस नेता बजरंग गर्ग ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कांग्रेस प्रतिनिधियों की बैठक ली। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर हरियाणा में 33 लाख 36 हजार वोट काटने की कोशिश हो रही है। इसके विरोध में कांग्रेस का वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान 25 नवंबर तक चलेगा। बजरंग गर्ग ने कहा कि कांग्रेस ने पहले प्रदेश के सभी जिलों में वोट चोर-गद्दी छोड़ कार्यक्रम किए। दूसरे चरण में ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन हुए, जिन्हें अच्छा जनसमर्थन मिला। अब तीसरे चरण में गांवों की चौपालों पर वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के नाम पर प्रदेश में करीब 17 प्रतिशत वोट काटने की कोशिश हो रही है। गर्ग ने कहा कि 5 अक्टूबर 2024 को मतदान के दिन चुनाव आयोग ने रात में मतदान प्रतिशत 61.9 प्रतिशत बताया था, लेकिन 7 अक्टूबर को रात 8 बजकर 46 मिनट पर इसे बढ़ाकर 67.9 प्रतिशत कर दिया गया। गर्ग ने आरोप लगाया कि मतदान प्रतिशत में छह फीसदी की बढ़ोतरी के जरिए करीब 13 लाख 65 हजार 777 वोटों की चोरी हुई और इन्हीं वोटों के दम पर भाजपा ने प्रदेश में सरकार बनाई। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है। उनके मुताबिक किसान, कर्मचारी, मजदूर और व्यापारी समेत हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान और बाजरा बेचने के लिए मंडियों में परेशानी हो रही है और बाजरा एमएसपी से 900 से 1,200 रुपये प्रति क्विंटल कम दाम पर बिक रहा है। गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर भी धान नहीं खरीद रही। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि हरियाणा अपराध और नशे के मामले में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में रोजाना लूट, हत्या और फिरौती की वारदातें हो रही हैं और अपराधी जेलों और विदेशों में बैठकर अपने गैंग चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में रोजाना करीब चार हत्याएं हो रही हैं।

Source: Source