होशियारपुर के सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कपूरथला में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर डीसी कपूरथला आकाश बांसल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर फगवाड़ा रणदीप सिंह हीर और सहायक कमिश्नर (फूड) कपूरथला हरजोत पाल सिंह मौजूद रहे। वैन का मकसद लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में जागरूक करना और रोजाना इस्तेमाल की चीजों की प्राथमिक जांच उनके पास उपलब्ध कराना है। कोई भी नागरिक 50 रुपये प्रति जांच शुल्क देकर मौके पर जांच करवा सकता है और तुरंत नतीजा पा सकता है। वैन में जांच के लिए आधुनिक उपकरण और मशीनें हैं। मिल्कोस्क्रीन से दूध और दही में फैट, एसएनएफ, प्रोटीन की मात्रा और संभावित मिलावट की जांच की जा सकती है। रिफ्रैक्टोमीटर से जूस जैसे तरल पदार्थों में शुगर और घुलनशील ठोस पदार्थों की जांच होगी। वैन में पानी की गुणवत्ता और टीडीएस जांचने की सुविधा भी है। मसालों में मिलाए गए कृत्रिम रंगों और मिठाइयों में स्टार्च की प्राथमिक जांच भी की जा सकती है। वैन तय रोस्टर के अनुसार कपूरथला जिले के शहरों, कस्बों और गांवों में जाएगी। लोग रोजाना इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने लाकर 50 रुपये शुल्क में मौके पर प्राथमिक जांच करवा सकेंगे। इस पहल से लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जानकारी मिलेगी और मिलावट के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित भोजन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

Source: Source