लुधियाना में शहर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सेफ सिटी कैमरे ही अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं और चोरों ने इन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पिछले 5 दिनों में अलग-अलग इलाकों में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कैमरों के साथ लगे बैटरी बॉक्स को निशाना बनाया गया। एक जगह चोर कंट्रोल बॉक्स तोड़कर बैटरियां और नेटवर्किंग उपकरण चोरी कर ले गए, जबकि दूसरी जगह बैटरी बॉक्स ही चोरी कर लिए गए। इन घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना शिमलापुरी थाना क्षेत्र में अरौड़ा कट के पास हुई, जहां कंट्रोल बॉक्स तोड़कर UPS की 6 बैटरियां, Cisco स्विच, पावर सप्लाई और Cisco राउटर चोरी कर लिए गए। दूसरी घटना दुगरी फेज-2 की 22 फुट रोड पर हुई, जहां कैमरों के बैटरी बॉक्स अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source: Source